मुंडका से आप प्रत्याशी धर्मपाल अभी तक के सबसे अमीर, करीब 247 करोड़ की संपत्ति; सालाना करीब 96 लाख रुपए कमाते हैं

नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में अभी तक के सबसे अमीर प्रत्याशी आप के टिकट पर मुंडका विधानसभा के प्रत्याशी धर्मपाल हैं। धर्मपाल ने अपने शपथपत्र में 36.77 करोड़ की पुस्तैनी संपत्ति के अलावा खुद से अर्जित 206.95 करोड़ रुपए की संपत्ति दिखाई है। इसके अलावा 3.24  करोड़ रुपए की चल संपत्ति भी दिखाई है। धर्मपाल ने भास्कर से कहा, दिल्ली में करीब 250 बीघा जमीन है। बैंकेट हॉल, किराए पर दिए गए गोदाम और किराए से सालाना आमदनी होती है। 


कांग्रेस के मटियाला से प्रत्याशी सोमेश शौकीन के पास चल-अचल संपत्ति 28 करोड़ रुपए की
कांग्रेस के मटियाला से प्रत्याशी सोमेश शौकीन के पास चल अचल संपत्ति 28 करोड़ रुपए की है। लेकिन एक देनदारी जो विवाद में है वो भी 10.7 करोड़ रुपए की है। सोमेश के पास एक 32.61 लाख रुपए की वीआईपी नंबर की सफारी कार भी है। ये कांग्रेस से एक बार विधायक भी रहे हैं। शोमेश के पास 2.48 लाख रुपए कीमत के 160 चांदी के सिक्के हैं।


भाजपा के बिजवासन से प्रत्याशी सतप्रकाश राणा के पास 20.56 करोड़ रुपए की
भाजपा के बिजवासन से प्रत्याशी सतप्रकाश राणा के पास 20.56 करोड़ रुपए की चल अचल संपत्ति है। सतप्रकाश राणा की सालाना कमाई 1.02 करोड़ रुपए है। इनके पास नगद 2 लाख रुपए है। सतप्रकाश राणा एक बार भाजपा से विधायक रहे हैं। वाहनों की बात करें तो सतप्रकाश के पास बीएमडब्ल्यू, फॉर्चूनर और हौंडा कार है। सतप्रकाश के पास ज्वैलरी नहीं है। इन पर 9.10 लाख रुपए की उधारी भी है। ये इतिहास में मास्टर डिग्री धारक हैं।